प्रशासनमध्यप्रदेश

गणेशोत्सव को लेकर जबलपुर पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने समीक्षा बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियो को दिए सख्त निर्देश, गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जुलूस-विसर्जन से लेकर यातायात और सोशल मीडिया निगरानी तक की समीक्षा, जबलपुर- आगामी गणेशोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं शहर-देहात के थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं विसर्जन, जुलूसों, सार्वजनिक आयोजनों, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, रात्रि गश्त तथा सोशल मीडिया पर निगरानी सहित कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

एसपी श्री उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित विभिन्न नगर पुलिस अधीक्षक, डीएसपी यातायात एवं शहर के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। देहात क्षेत्र के थाना प्रभारी गूगल मीट के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button