भोपाल- राजधानी भोपाल में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह पुलिस को उनकी मौत की सूचना मिली। मीनाक्षी का शव लेकपर्ल कॉलोनी स्थित उनके घर से बरामद हुआ। पुलिस को शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मामले की जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी से मिलने के लिए उनका प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी दो दिन पहले सीधी से करीब 609 किलोमीटर दूर भोपाल आया था और उसके साथ ही घर में रुका था।
शादी को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पवन कुमार द्विवेदी मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी लंबे समय से इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आशंका है कि रविवार देर रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मीनाक्षी की हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद पवन ने भी घर से करीब 20 मीटर दूर जाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। पुलिस इस घटनाक्रम को आपसी विवाद से जोड़कर जांच कर रही है।
इंदौर में चला चुका है कोचिंग
पुलिस जांच में सामने आया है कि पवन मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक भी मिली है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत के कारण और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।