Blogमध्यप्रदेश

बैंक हड़ताल से पहले बड़ा फैसला: रविवार के दिन भी खुलेंगे सरकारी बैंक, तीन दिन की हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत, जरूरी काम पहले निपटाने की सलाह

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच केंद्र सरकार ने आम बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद रविवार, 27 सितंबर को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। यह व्यवस्था मध्य प्रदेश समेत देशभर में लागू रहेगी।

दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। इसी को देखते हुए सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया है।

व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेगी राहत

राजधानी भोपाल के थोक क्रॉकरी कारोबारी रमेश गुप्ता ने बताया कि रविवार को बैंक खुले रहने की सूचना ग्राहकों तक मैसेज के माध्यम से पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए यह राहत भरा फैसला है, क्योंकि बड़े भुगतान और अन्य जरूरी लेन-देन के लिए बैंकिंग सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है।

SBI-PNB समेत बैंकों ने जारी की एडवाइजरी

हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा करने की सलाह दी है। SBI ने ग्राहकों को हड़ताल के दौरान ATM, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी वैकल्पिक सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

क्यों हो रही है बैंक हड़ताल?

UFBU की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। यूनियन का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से जुड़ा प्रस्ताव पहले से लंबित है। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील की गई है, लेकिन 23 सितंबर तक UFBU ने 28 से 30 सितंबर की हड़ताल का कार्यक्रम जारी रखा है।

ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह

जिन ग्राहकों को शाखा में जाकर बैंकिंग संबंधी जरूरी काम करना है, वे 27 सितंबर को खुले बैंक का लाभ उठाकर अपना काम निपटा सकते हैं। 28 से 30 सितंबर के दौरान शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं ATM, UPI, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि किसी विशेष सेवा की उपलब्धता संबंधित बैंक पर निर्भर करेगी।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि ग्राहकों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और जरूरी बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button