जबलपुर- लगातार हो रही बारिश और कैचमेंट एरिया में बढ़ी पानी की आवक के चलते बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे बांध के 5 गेट एक-एक मीटर तक खोल दिए गए। बांध प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में जलस्तर 422.90 मीटर दर्ज किया गया है, जबकि जल भंडारण 3217 एमसीएम, यानी 101.16 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
बांध में इस समय करीब 763 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है, जबकि संतुलन बनाए रखने के लिए 780 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जल निकासी की मात्रा को आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया या घटाया जा सकता है।
नर्मदा के घाटों पर बढ़ेगा 3 से 4 फीट जलस्तर
बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा नदी के जलस्तर में करीब 3 से 4 फीट की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए बांध प्रबंधन ने नर्मदा के सभी घाटों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
3 सितंबर को खोले गए थे 13 गेट
गौरतलब है कि इससे पहले 3 सितंबर को भी भारी जलभराव के चलते बरगी बांध के 13 गेट औसतन करीब 2 मीटर तक खोले गए थे। उस दौरान करीब 3802 क्यूमेक पानी छोड़ा गया था, जिसके चलते नर्मदा के घाटों का जलस्तर 7 से 8 फीट तक बढ़ गया था। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन और बांध प्रबंधन लगातार जलस्तर, पानी की आवक और मौसम की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।