Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

3 और 4 अक्टूबर को लगेगा ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर, एक ही परिसर में मिलेंगी 25 विभागों की सेवाएं

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सरकार आपके द्वार: विकासखंडों के साथ वार्ड-जोन स्तर पर लगेंगे शिविर, मौके पर होगा आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं विभागीय योजना का लाभ

भोपाल- मध्य प्रदेश में सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अब लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन द्वारा 3 और 4 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रदेश के सभी विकासखंडों के साथ वार्ड एवं जोन स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविरों में 25 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित होंगे। राजस्व विभाग को अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों का पहले पंजीयन किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पात्रता पूरी होने पर योजनाओं की स्वीकृति अथवा लाभ का वितरण मौके पर ही किया जा सकेगा।

अभियान के तहत किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं और वंचित वर्गों को एक ही परिसर में विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। पेंशन, वेतन, राजस्व सहित अन्य विभागीय समस्याओं के निराकरण के लिए भी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। शासन स्तर से निर्देश दिए गए हैं कि जिला कलेक्टर अपने जिले में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर अभियान की निगरानी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button