Blogमध्यप्रदेश

उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव, पुलिस पर पथराव के बाद आंसू गैस, मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई के विरोध में जुटी भीड़, महिलाओं ने किया चक्काजाम, आईजी-डीआईजी और कमिश्नर ने संभाला मोर्चा

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

उज्जैन- शहर में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इस दौरान पुलिस बल पर पथराव किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और मोर्चा संभाला।

जानकारी के अनुसार, टंकी चौराहे और मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी दौरान अंडा गली की तरफ से कुछ लोगों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। पथराव की घटना में क्राइम ब्रांच टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस बल बढ़ाया गया, रतलाम से RAF की दो कंपनियां पहुंचीं

रतलाम एसपी अमित कुमार के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अश्रुगैस का इस्तेमाल किया गया। रतलाम के सात थाना क्षेत्रों का पुलिस बल तत्काल छतरी चौक बुलाया गया। उज्जैन में तनाव की स्थिति के बाद रतलाम जिले के जावरा से रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की दो कंपनियां भी उज्जैन भेजी गई हैं। हंगामे की सूचना के बाद आईजी, डीआईजी और कमिश्नर भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति की निगरानी शुरू कर दी।

कार्रवाई के बीच दोबारा पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बताया जा रहा है कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग आगे रहकर मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई में सहयोग कर रहे हैं। इसी दौरान टंकी चौक की तरफ कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने की सूचना है। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। भारी विरोध के बीच मस्जिद की तरफ कार्रवाई आगे बढ़ती रही, जबकि पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है।

टंकी चौराहे पर 100 से ज्यादा लोग जुटे, महिलाओं ने किया चक्काजाम

मस्जिद के पास टंकी चौराहे पर 100 से अधिक लोगों के जमा होने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान पुलिस पर दोबारा पथराव किए जाने की सूचना है। वहीं, शाही मस्जिद का एक हिस्सा तोड़े जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

काजी ने की शांति बनाए रखने की अपील

शहर के काजी खाली उर रहमान ने शाही मस्जिद के पास विरोध कर रहे लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से प्रशासन को अपना काम करने देने और बेवजह बाजारों में या मस्जिद की ओर नहीं जाने की अपील की। काजी ने कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला रात में ही हल हो गया था और प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button