Blogमध्यप्रदेश

कटनी में किसना ज्वेलर्स पर करोड़ों की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर 10 से 12 करोड़ के जेवरात ले उड़े चोर!, सुनसान इलाके का उठाया फायदा; एसपी सहित कई थानों की पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड ने भी खंगाले सुराग

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र में स्थित किसना ज्वेलर्स के शोरूम में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। बदमाश शोरूम के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और करीब 10 से 12 करोड़ रुपये कीमत के सोने एवं हीरे के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात गुरुवार तड़के सुबह करीब 4 बजे से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। करोड़ों की चोरी की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उन्होंने शोरूम के पीछे की दीवार खोदकर रास्ता बनाया और अंदर प्रवेश कर वहां रखे कीमती सोने एवं हीरे के आभूषण समेट लिए। बताया जा रहा है कि बदमाश अपने साथ गैस कटर और सिलेंडर भी लेकर आए थे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर गैस कटर और सिलेंडर मिलने की जानकारी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से पूरी योजना तैयार कर रखी थी।

सुनसान इलाके का उठाया फायदा

शोरूम के पीछे का इलाका अपेक्षाकृत सुनसान है। आसपास खदान और कब्रिस्तान होने के कारण रात के समय लोगों की आवाजाही बेहद कम रहती है। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने पीछे की तरफ से शोरूम में प्रवेश किया। सुनसान क्षेत्र होने के कारण आरोपियों को वारदात के दौरान किसी की नजर में आने का खतरा भी कम रहा।

एसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही बदमाशों के आने-जाने के संभावित रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल करोड़ों रुपये की इस बड़ी चोरी को लेकर पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की गिरफ्त में कब तक आते हैं।

Related Articles

Back to top button