Blog

लाडली बहनों के खातों में कल आएगी 42वीं किस्त, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पिछोर (शिवपुरी) से सिंगल क्लिक पर 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में भेजेंगे 1500-1500 रुपये

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल/शिवपुरी- मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर शिवपुरी जिले को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान 221 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के प्रारंभ में पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। अक्टूबर 2023 में इस राशि को बढ़ाकर 1,250 रुपये किया गया। इसके बाद नवंबर 2025 से महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

वर्तमान में योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने सीधे 1,500 रुपये अंतरित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। 42वीं किस्त जारी होने से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा।

Related Articles

Back to top button