राजनीतिराष्ट्रीय

भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में बड़ा फेरबदल, 7 उपाध्यक्ष और 3 महामंत्री नियुक्त,

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

नईदिल्ली- भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव किया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने तत्काल प्रभाव से सात राष्ट्रीय उपाध्यक्षों और तीन राष्ट्रीय महामंत्रियों की नियुक्ति की घोषणा की है। नई टीम में देश के विभिन्न राज्यों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। वहीं, भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी बनाया गया है।

भाजपा की ओर से जारी नियुक्ति सूची में असम, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ के नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने का प्रयास किया है।

उत्तर प्रदेश को मिला विशेष महत्व

नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश को विशेष तवज्जो दी गई है। यहां के दो नेताओं संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपे जाने को आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन सात नेताओं को बनाया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजपा की घोषित सूची के अनुसार जोगेन मोहन (असम), ममता मोहंता (ओडिशा), संगम लाल गुप्ता (उत्तर प्रदेश), बबनराव रावजी चौधरी (महाराष्ट्र), सत प्रकाश राणा (दिल्ली), डॉ. अर्जुन साहनी (बिहार) और संगीता बलवंत बिंद (उत्तर प्रदेश) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

तीन नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की कमान

राष्ट्रीय उपाध्यक्षों के अलावा गजेंद्र यादव (दिल्ली), प्रमोद मध्वराज (कर्नाटक) और ललित चंद्राकार (छत्तीसगढ़) को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के माध्यम से पार्टी ने अलग-अलग राज्यों के नेताओं को संगठन में अहम स्थान दिया है।

चहल को स्पेशल इनवाइटी की जिम्मेदारी

इस नई कार्यकारिणी में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल का नाम भी चर्चा का विषय बना हुआ है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की टीम में स्पेशल इनवाइटी के रूप में शामिल किया है। उनकी नियुक्ति ने नई राष्ट्रीय टीम को लेकर राजनीतिक और खेल जगत में भी चर्चा बढ़ा दी है।

कुल मिलाकर भाजपा की इस नई टीम में क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक विस्तार पर जोर दिखाई दे रहा है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश के दो नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को 2027 के विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button