Blogमध्यप्रदेश

बारिश के बीच तेज बहाव में नाला पार कर रहीं ईको कार उफनते नाले में समाई, 7 की मौत, 11 लोग थे सवार, 2 को ग्रामीणों ने बचाया

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

सारंगपुर/राजगढ़। राजगढ़ जिले के सारंगपुर क्षेत्र के पड़ाना कस्बे में सोमवार को बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से उफनते नाले का पानी बह रहा था। इसी दौरान देवास जिले के सतवास क्षेत्र से धार्मिक स्थल कड़नावद में दर्शन के लिए जा रही ईको कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते गहरे नाले में जा गिरी। कार में चार बच्चों, चार महिलाओं और तीन पुरुषों सहित कुल 11 लोग सवार थे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और कार सवार दो पुरुषों मुकेश और हुकुमसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे तक अभियान चलाकर दोपहर करीब दो बजे तक सात लोगों के शव बरामद कर लिए थे। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी था।

तेज बहाव के बावजूद कार पानी में उतारी
जानकारी के अनुसार देवास जिले के सतवास गांव का परिवार ईको कार से सारंगपुर तहसील के कड़नावद गांव स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहा था। पड़ाना बायपास पर पहुंचने के बाद उन्हें उफनता नाला पार करना था। बारिश के कारण नाले का पानी सड़क के काफी ऊपर बह रहा था और बहाव बेहद तेज था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर मौजूद करीब पांच-छह लोगों ने चालक को कार आगे नहीं बढ़ाने की सलाह दी थी। लोगों ने पानी का बहाव कम होने तक इंतजार करने को कहा, लेकिन इसके बावजूद चालक ने वाहन को पानी में उतार दिया।

चंद सेकंड में बह गई कार

कार पानी में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आ गई। वाहन सड़क की ओर आगे बढ़ने के बजाय नाले की तरफ बहने लगा और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद महिलाओं और बच्चों सहित छह अन्य लोगों के शव भी निकाले गए।

पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी में जुट गए। ग्रामीणों ने भी रस्सियों की मदद से रेस्क्यू टीमों का सहयोग किया।

बताया गया है कि ईको कार मुकेश नायक, निवासी धांसड़ गांव चला रहे थे। मुकेश के भाई बाला नायक के अनुसार उन्हें हादसे की जानकारी सुबह करीब 11:30 बजे मिली। मुकेश ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से फोन कर हादसे की सूचना दी थी।

फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीमों द्वारा नाले में लापता लोगों की तलाश जारी थी। हादसे ने एक बार फिर उफनते नाले और जलभराव वाले मार्गों पर जोखिम लेकर वाहन निकालने की भयावहता को सामने ला दिया है।

Related Articles

Back to top button