जबलपुर/मझौली- गणेश उत्सव के दौरान इंद्राना रोड स्थित गेरा मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रेत से भरा 10 चका डंपर जबरन निकलने का प्रयास करने लगा। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर डंपर को रोक लिया और जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया।
पुलिस की जांच में डंपर में रेत लदी मिली। चालक निक्कू बर्मन के पास वाहन का बीमा, फिटनेस और ई-खनिज रॉयल्टी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस पूछताछ में चालक ने कथित तौर पर बताया कि डंपर अंशुल सिंह चंदेल का है और उसके कहने पर रेत का परिवहन किया जा रहा था।
BNS, खनिज अधिनियम और MV Act के तहत कार्रवाई
पुलिस ने मामले में चालक निक्कू बर्मन और वाहन मालिक अंशुल सिंह चंदेल के खिलाफ BNS, खनिज अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से भीड़भाड़ वाले गणेश आरती स्थल पर बड़ा हादसा टल गया। मामले में अवैध रेत परिवहन और वाहन के दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।