प्रशासनमध्यप्रदेश

डिजिटल टैक्सेशन और OSR प्रबंधन में जनपद पंचायत कटनी अव्वल, ₹7.55 लाख की कर वसूली के साथ जिले में नंबर-1, कटनी जिला पंचायत प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में कटनी जिले में डिजिटल टैक्सेशन और OSR (ऑन सोर्स रेवेन्यू) प्रबंधन को लेकर किए जा रहे प्रयास अब सार्थक परिणाम देने लगे हैं। ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से कर एवं फीस भुगतान प्राप्ति में जनपद पंचायत कटनी जिले की सभी जनपद पंचायतों में प्रथम स्थान पर है। वहीं जिला पंचायत कटनी भी कर एवं फीस भुगतान प्राप्त करने के मामले में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गई है।

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की प्रतिदिन सतत निगरानी, प्रभावी निर्देश और निरंतर प्रयासों का सकारात्मक असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। जनपद पंचायत कटनी ने ₹7.55 लाख की कर वसूली दर्ज कर जिले की अन्य जनपद पंचायतों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

ग्राम पंचायतों में डिजिटल टैक्सेशन को दिया जा रहा बढ़ावा

जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह ने बताया कि डिजिटल टैक्सेशन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायतों में अनिवार्य एवं वैकल्पिक करों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। इनमें जल कर, स्वच्छता कर, संपत्ति कर, प्रकाश कर सहित अन्य कर एवं फीस शामिल हैं।

मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम एवं शासन के निर्देशों के अनुसार आरोपित कर राशि की जानकारी फ्लेक्स एवं बैनर के माध्यम से सार्वजनिक की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को ऑनलाइन भुगतान के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि ग्रामीण नागरिकों में कर भुगतान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है और वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर रहे हैं।

सीईओ कौर की अपील—नियमित करें ऑनलाइन कर भुगतान

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्वयं के आय के स्रोतों में वृद्धि बेहद महत्वपूर्ण है। कर एवं फीस की नियमित वसूली OSR प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी है।

उन्होंने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि ग्राम पंचायतों के समग्र विकास और उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं के उपयोग के बदले आरोपित कर एवं फीस का भुगतान नागरिक सेवा पोर्टल एवं ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से नियमित रूप से करें। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के स्वावलंबन की दिशा में OSR की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसमें नागरिकों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

डिजिटल भुगतान के फायदे-

समय की बचत: ऑनलाइन भुगतान कुछ ही सेकंड में किया जा सकता है, जिससे समय की बचत होती है।
पारदर्शिता: डिजिटल लेनदेन से भुगतान की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहती है और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है।
सुविधाजनक: नकद राशि रखने या एटीएम की कतार में खड़े होने की आवश्यकता नहीं रहती।
सुरक्षित भुगतान: नकदी के चोरी या खोने का जोखिम कम होता है तथा डिजिटल लेनदेन सुरक्षित माध्यम से किया जा सकता है।
भुगतान का रिकॉर्ड: ऑनलाइन भुगतान की रसीद एवं लेनदेन का रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आसानी से देखा जा सकता है।

जनपद पंचायत कटनी की यह उपलब्धि ग्राम पंचायतों के आर्थिक सशक्तिकरण और डिजिटल प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button