मध्यप्रदेश

एमपी में हर दिन करीब 40 बच्चियां हो रहीं लापता, आठ माह में 9760 नए प्रकरण दर्ज, लंबित मामलों सहित पुलिस के सामने 12,387 केस, इंदौर, धार और जबलपुर समेत छह जिले रेड लिस्ट में

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की विशेष रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश में बालिकाओं के लापता होने के मामले चिंता बढ़ा रहे हैं। पुलिस थानों में दर्ज शिकायतों के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अगस्त तक 9760 बच्चियों के लापता होने के नए प्रकरण दर्ज किए गए। पिछले वर्ष के लंबित 2627 मामलों को जोड़ने पर पुलिस के सामने कुल 12,387 प्रकरण थे। इनमें से 9084 बच्चियों को प्रदेश और दूसरे राज्यों से तलाश लिया गया, जबकि 3303 बच्चियां अब भी लापता हैं।

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में गुम होने वाले बच्चों में बालिकाओं की संख्या लड़कों की तुलना में करीब तीन गुना है। नए मामलों के आधार पर देखें तो औसतन प्रतिदिन करीब 40 बच्चियों के लापता होने के प्रकरण सामने आ रहे हैं।

सालों से नहीं मिल रही कई बच्चियों की जानकारी

पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण में भी बड़ी संख्या में बालिकाओं के लंबे समय तक लापता रहने की स्थिति सामने आई है। वर्ष 2021 के अंत में 2830, 2022 में 2944, 2023 में 3764 और 2024 में सर्वाधिक 4001 बच्चियां लापता थीं। वर्ष 2025 में पुलिस ने लंबित मामलों सहित 14,520 बच्चियों को तलाशने में सफलता हासिल की, जिसके बाद वर्षांत में लंबित मामलों की संख्या घटकर 2627 रह गई थी। हालांकि 2026 में अगस्त तक यह संख्या फिर बढ़कर 3303 हो गई।

93 फीसदी से अधिक मामलों में पुलिस को सफलता

पुलिस के अनुसार गुमशुदा बालिकाओं के मामलों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस वर्ष दर्ज कुल प्रकरणों में 93 प्रतिशत से अधिक मामलों में पुलिस को सफलता मिली है। लंबित प्रकरणों की संबंधित जिलों से लगातार समीक्षा और निगरानी की जा रही है।

गुमशुदगी के आधार पर जिलों की ग्रेडिंग

बालिकाओं की गुमशुदगी के मामलों के आधार पर जिलों की ग्रेडिंग व्यवस्था भी लागू है। जिलों को तीन श्रेणियों में रखकर पुलिस अधीक्षकों को स्थिति से अवगत कराया जाता है। जिन जिलों का प्रदर्शन कमजोर रहता है, उनकी अलग से समीक्षा की जाती है। ऐसे मामलों में डीजी स्तर पर संबंधित अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाती है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा मामले

सितंबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बालिकाओं के लापता होने के मामलों में प्रमुख जिले इस प्रकार हैं:-

इंदौर- 772
धार- 559
जबलपुर- 504
भोपाल- 493
सागर- 439
रतलाम- 417

पुलिस का कहना है कि लंबित मामलों की लगातार पड़ताल कर उन्हें जल्द से जल्द ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button