दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने निर्धारित किए गए 3 स्थल, सुरक्षा के मद्देनजर बदले गए पुराने स्थान
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट
Rameshwar Prasad TripathiSend an emailNovember 2, 2026
15 1 minute read
कटनी- दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के फुटकर विक्रय को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में तीन स्थान निर्धारित किए हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी के निर्देशानुसार इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूर्व वर्षों में निर्धारित कुछ स्थानों में बदलाव किया गया है। आतिशबाजी दुकानों के संचालन के लिए 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
इन तीन स्थानों पर होगा आतिशबाजी का फुटकर विक्रय
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष ग्राम इमलिया में तहसील कटनी के अंतर्गत खसरा नंबर 94/1 एवं 94/2 की भूमि को आतिशबाजी दुकानें लगाने के लिए चयनित किया गया है। पूर्व में ग्राम पड़रवारा (माधवनगर) में दुकानें लगाई जाती थीं।
इसी तरह द्वारका सिटी खेल मैदान के स्थान पर इस वर्ष होमगार्ड ग्राउंड झिंझरी को निर्धारित किया गया है। वहीं न्यू कटनी (एनकेजे) क्षेत्र में तिलक कॉलेज एवं एनकेजे चौकी के पास स्थित रिक्त भूमि पर पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाएंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता
दीपावली के दौरान आतिशबाजी के विक्रय में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह बदलाव किए हैं। अस्थायी लाइसेंस प्राप्त दुकानदारों को निर्धारित स्थलों पर ही आतिशबाजी का फुटकर विक्रय करने की अनुमति होगी। प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और बाजारों में भीड़भाड़ से बचाते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखना है।
Rameshwar Prasad TripathiSend an emailNovember 2, 2026