Blogमध्यप्रदेश

‘गरिमा अभियान’ की सख्ती: स्कूलों के बाहर मनचलों पर जबलपुर पुलिस का शिकंजा, छात्राओं को दिलाया सुरक्षा का भरोसा, एएसपी ग्रामीण अनु बेनिवाल ने खुद की दबिश, छात्राओं से संवाद कर कहा—छेड़छाड़ होने पर तुरंत पुलिस को दें सूचना

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- महिला एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिले को छेड़छाड़ मुक्त बनाने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस द्वारा ‘गरिमा अभियान’ के तहत विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमति अनु बेनिवाल ने महिला थाना प्रभारी श्रीमति मंजू शर्मा एवं शक्ति टास्क फोर्स की टीम के साथ विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रहे मनचलों, छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने वालों तथा बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट अथवा टूटी-फूटी नंबर प्लेट वाले वाहनों से घूम रहे युवकों को पकड़कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान एएसपी अनु बेनिवाल ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और पूछा कि कहीं कोई शोहदा या मनचला उन्हें परेशान तो नहीं करता। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि यदि कोई भी व्यक्ति छेड़छाड़, पीछा करने या किसी भी प्रकार से परेशान करने की कोशिश करे तो वे बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।

पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जिले की हर बेटी को स्कूल, कॉलेज, कोचिंग, खेल मैदान या किसी भी स्थान पर निर्भय होकर आने-जाने का अधिकार है। पुलिस का उद्देश्य ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार करना है, जहां बालिकाएं बिना किसी डर के अपने दैनिक कार्य कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी ‘गरिमा अभियान’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button