छिंदवाड़ा- मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ का शुभारंभ शुक्रवार को छिंदवाड़ा जिले से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में किया गया। अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर आयोजित उद्यमी एवं जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों तथा नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर शुक्रवार जनता के द्वार पहुंचेगी और गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेगी तथा उनका समयबद्ध निराकरण करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रत्येक शुक्रवार विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।