Blogमध्यप्रदेश

“स्कूल चलें अभियान” के अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा शिक्षिका बन किया छात्र-छात्राओं से संवाद 

जनलोक टाइम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- आपके द्वारा प्रतिदिन किया गया एक-एक अच्छा कार्य, नियमित पढ़ाई, कड़ी मेहनत,समय का उचित प्रबंधन और दैनिक जीवन में अनुशासन का पालन करना सफलता का मूल मंत्र है। बड़ा बनने और ऊंचा पहुंचने का सपना देखिए और इसे साकार करने के लिए सोचिए। जब आप सोचेंगे कैसे करना है… क्यों करना है… कब करना है? तभी आप लक्ष्य निर्धारित कर वहां तक पहुंच सकेंगे। यह बातें जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने ” स्कूल चलें अभियान” के अंतर्गत शाला प्रारंभ उत्सव कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला बरगवां कटनी पहुंचकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहीं। इसके पूर्व सुश्री कौर ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना की। तत्पश्चात् शालेय परिवार ने पुष्पगुच्छ,पुष्पमाला और श्री फल भेंट कर सुश्री कौर का हार्दिक स्वागत किया।

शिक्षिका बन किया विद्यार्थियों का मार्गदर्शन, किया प्रेरित

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने लगातार 55-56 मिनट तक विद्यार्थियों के बीच शिक्षिका और बतौर प्रेरक मार्गदर्शन देते हुए शिक्षा,पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत की। जब उन्होंने बच्चों से घुल मिलकर बात की तो कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने खुलकर बेबाकी से उनके सवालों के जवाब बिना झिझक के दिए।

पढ़कर आप क्या बनना चाहते हैं ? इस सवाल को सुनकर आठवीं कक्षा की छात्रा कंचन ने बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहती हैं, जबकि कक्षा दूसरी की छात्रा अनुष्का ने पुलिस और अभी ने कलेक्टर बनना अपना लक्ष्य बताया। इन पदों पर आप कैसे पहुंचेंगे… !!! विद्यार्थियों की जिज्ञासा को शांत करने सुश्री कौर ने उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचने के लिए होने वाली परीक्षाओं, साक्षात्कार आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।

जीवन बदलने के लिए शिक्षा नितांत आवश्यक

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। आप स्वर्णिम भारत के भविष्य हैं, नियमित पढ़ाई, कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सक्सेस फॉर्मूला हैं। जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षिका की भूमिका में वंदे मातरम के रचयिता कौन हैं, देश में कितने राज्य हैं, दो बड़ी नदियां कौन सी हैं, राष्ट्रपति जी का नाम क्या है, राष्ट्रगान किसने लिखा, 15 का पहाड़ा, भारत के नक्शे (ग्लोब) में मध्यप्रदेश कहां पर है ? एशिया महाद्वीप आदि से संबंधित सवाल बच्चों से किए। विद्यार्थियों ने भी प्रश्नों के जवाब बड़े ही उत्साह से घुलमिलकर दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने कक्षा में टॉप रहने वाले विद्यार्थियों के संबंध में जानकारी ली। छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप टॉफ़ी और नोटबुक वितरित की गई। सुश्री कौर ने स्वयं भी ताजी बजाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। हर सवाल के उत्तर के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा कक्ष गूंजता रहा।

एक-एक अच्छा किया गया कार्य ,जीवन बदलने का खास नुस्खा

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आपके द्वारा रोज-रोज किया गया एक-एक अच्छा कार्य आपके जीवन में बदलाव लाने का सटीक नुख्सा हैं।

सफल होने के लिए क्या जरूरी

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जब शिक्षिका बतौर सवाल करते हुए बच्चों से पूछा कि सफल होने के लिए क्या-क्या जरूरी है ? तो उन्होंने मेहनत, अनुशासन, पढ़ाई और अलग अलग उत्तर दिए। इस दौरान माध्यमिक शाला बरगवां कटनी की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button