मध्यप्रदेश

अवैध शराब पैकारी के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा, कछारगांव बड़ा में शराब बिक्री से परेशान महिलाओं ने सिलौंडी चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, तत्काल कार्रवाई की मांग

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी के साथ जितेंद्र मिश्रा की रिपोर्ट

सिलौंडी- ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के कछार गांव बड़ा में कथित अवैध शराब पैकारी और कच्ची शराब की बिक्री को लेकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शराब बिक्री से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने गांव में अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर सिलौंडी चौकी प्रभारी अनिल पांडे को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीण महिलाओं ने अपनी समस्या ग्राम पंचायत सरपंच कैलाश चंद्र जैन के समक्ष रखी। महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सरपंच की पहल पर चौकी प्रभारी अनिल पांडे ग्राम पंचायत भवन पहुंचे और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली।

इस दौरान महिलाओं के साथ सरपंच कैलाश चंद्र जैन एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शैलेश जैन ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए गांव में कथित रूप से चल रही अवैध शराब पैकारी और कच्ची शराब की बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

शराब बिक्री से परिवारों पर पड़ रहा असर

महिलाओं ने पुलिस को बताया कि गांव में शराब की अवैध बिक्री के कारण परिवारों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। शराब के नशे को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनने की बात भी महिलाओं ने कही। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई कर गांव को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

महिलाओं की शिकायत पर चौकी प्रभारी ने उनकी समस्याएं सुनीं और मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

Related Articles

Back to top button