भोपाल- मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) भर्ती परीक्षा-2026 का अंतिम परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम एमपी ऑनलाइन की वेबसाइट iforms.mponline.gov.in तथा विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश पुलिस की वेबसाइट mppolice.gov.in पर देख सकते हैं।
आरक्षक (बैंड) पदों की सीधी भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन 24 जून से 6 अगस्त 2026 तक भोपाल में किया गया था। परीक्षा के लिए कुल 39,468 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। बैण्ड टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों की सूची 12 अगस्त को जारी की गई थी, जिसमें 1,271 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए पात्र पाए गए थे।
इसके बाद पुलिस विभाग ने 20 से 23 अगस्त 2026 तक भोपाल में साक्षात्कार आयोजित किया। बैण्ड टेस्ट और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों को एकीकृत कर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है।
591 पदों के लिए परिणाम प्रस्तावित था, लेकिन EWS श्रेणी में विज्ञापित पदों की तुलना में पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण 560 पदों के लिए चयन सूची जारी की गई है। समान अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की सह-वरिष्ठता का निर्धारण आयु के आधार पर किया गया है।
नियमों के अनुसार होमगार्ड सैनिक एवं भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित पदों को उसी श्रेणी के योग्य ओपन अभ्यर्थियों से भरा गया है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के बाद किसी तकनीकी त्रुटि के सामने आने पर उसमें सुधार का अधिकार विभाग के पास सुरक्षित रहेगा। परिणाम मध्यप्रदेश हाईकोर्ट जबलपुर में लंबित WP No. 34780/2026, 34308/2026 तथा ग्वालियर खंडपीठ में लंबित WP No. 35153/2026, 36173/2026 के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।