मध्यप्रदेश

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का कटनी जिले में हुआ शुभारंभ, 1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को जिला चिकित्सालय कटनी स्थित मातृ एवं शिशु परिचर्या भवन में किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अपनी पुत्री देवांशी (4 वर्ष) एवं पुत्र तेजस (18 माह) को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया।

शुभारंभ अवसर पर जिला चिकित्सालय में जन्मे 20 नवजात शिशुओं को भी पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 73 हजार 555 बच्चों को 1670 बूथों के माध्यम से पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस बूथों पर जो बच्चे दवा से वंचित रह जाएंगे, उन्हें दूसरे एवं तीसरे दिन घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 3354 टीकाकरण कर्मचारियों एवं 162 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। शासन का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में आईएमए अध्यक्ष डॉ. अशोक चौदहा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई, डॉ. नरेंद्र झामनानी, आरएमओ डॉ. राजीव द्विवेदी, डॉ. मनीष मिश्रा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश जैन सहित स्वास्थ्य विभाग का समस्त अमला उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button