मध्यप्रदेश

युवा शक्ति, नवाचार और नेतृत्व ही नए मध्यप्रदेश की पहचान- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का लिया संकल्प

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि युवा शक्ति, नवाचार और नेतृत्व क्षमता ही नए मध्यप्रदेश की वास्तविक पहचान है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को विकास की मुख्यधारा में सहभागी बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का संकल्प व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा, कौशल और नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, खेल, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के युवा देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को नेतृत्व विकास, स्टार्टअप, कौशल उन्नयन और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और योगदान को सम्मानित करना तथा उन्हें प्रदेश के विकास का प्रमुख भागीदार बनाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सहभागिता से मध्यप्रदेश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा तथा आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button