भोपाल- ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित एमपी पंचायत दर्पण एप आम नागरिकों के लिए उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में सामने आया है। अब ग्रामीण नागरिक अपने गांव, जनपद पंचायत और जिला पंचायत से संबंधित विभिन्न जानकारियां घर बैठे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकते हैं।
एमपी पंचायत दर्पण एप के माध्यम से पंचायतों से जुड़ी योजनाओं, विकास कार्यों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत की वित्तीय जानकारी, निर्माण कार्यों की प्रगति सहित अनेक महत्वपूर्ण सूचनाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। इसके लिए नागरिकों को केवल एप में उपलब्ध QR कोड को स्कैन करना होगा, जिसके बाद संबंधित पंचायत की विस्तृत जानकारी उनके मोबाइल स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी।
इस डिजिटल पहल का उद्देश्य पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना, आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा ग्रामीण विकास कार्यों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाना है। पंचायत दर्पण एप के माध्यम से ग्रामीण नागरिक अब किसी कार्यालय के चक्कर लगाए बिना पंचायत स्तर की महत्वपूर्ण जानकारियों तक सहज पहुंच बना सकते हैं।
प्रशासन ने ग्रामीण नागरिकों से अपील की है कि वे एमपी पंचायत दर्पण एप का अधिक से अधिक उपयोग करें और डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं पंचायत गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर अपने अधिकारों और विकास कार्यों के प्रति जागरूक बनें।