प्रशासनमध्यप्रदेश

पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 15 दिवसीय ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा जन-जागरूकता अभियान

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में जिलेभर में 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा विशेष जन-जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, साइबर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के जोखिम तथा डिजिटल भुगतान से जुड़ी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दे रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक जागरूकता पहुंचाना है, ताकि नागरिक डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रह सकें।

Related Articles

Back to top button