उमरियापान- उमरियापान-सिहोरा मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आम नागरिकों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और भी बढ़ गई है। सड़कों की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिहोरा से उमारियापान तक का सफर अब जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि भारी वाहनों के आवागमन से सड़क की स्थिति लगातार और खराब होती जा रही है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क की जर्जर हालत की जानकारी संबंधित विभाग और अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के दौरान किसी बड़े हादसे से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और गड्ढों को भरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।क्षेत्रवासियों का कहना है कि विकास के दावों के बीच सिहोरा-उमारियापान रोड की बदहाल स्थिति शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।