प्रशासनमध्यप्रदेश

407 ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने तीन दिवसीय OSR ऑनलाइन प्रशिक्षण समपन्न, शासकीय अनुदान पर निर्भरता कम कर स्थानीय आय के स्रोत बढ़ाने पर दें जोर- जिला सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर

जनलोक टाइम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कर वसूली में पारदर्शिता, एक-एक पाई का हिसाब और पोर्टल पर समयबद्ध डेटा प्रविष्टि के दिए निर्देश

जनलोक टाइम्स कटनी- जिले की समस्त 407 ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ऑनलाइन OSR (Own Source Revenue) प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायतों के सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने प्रशिक्षण के दौरान सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता, गुणवत्ता और सटीकता के साथ पूरा करने के लिए प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और कार्य के दौरान आने वाली शंकाओं, समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान तत्काल पूछकर करने की बात कही।

केवल शासकीय अनुदान पर निर्भर न रहें, बढ़ाएं पंचायत की आय

जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतों की आय में वृद्धि के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें केवल शासकीय अनुदान पर निर्भर न रहें, बल्कि मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 में निहित प्रावधानों के अनुसार जलकर, स्वच्छता कर, प्रकाश कर, बाजार शुल्क, अचल संपत्ति कर सहित अन्य आवश्यक एवं वैकल्पिक करों के माध्यम से अपनी आय के स्रोत बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो ग्राम पंचायत एवं ग्राम सभा की सहमति से स्थानीय स्तर की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान स्वयं करने में सक्षम बनेंगी।

कर वसूली में पारदर्शिता और एक-एक पाई का रखें हिसाब

सुश्री कौर ने कर वसूली एवं उसकी निगरानी को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नागरिकों से प्राप्त कर राशि की एक-एक पाई का हिसाब-किताब दस्तावेजों में पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए। पंचायत की आय और व्यय में पारदर्शिता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि को सही, सटीक एवं समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे मॉनिटरिंग प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा और पूरी व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का सहजता से समाधान किया।

तीन दिनों में चरणबद्ध तरीके से हुआ 407 ग्राम पंचायतों का प्रशिक्षण

उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर 20 से 22 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय OSR ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम दिवस 20 जुलाई को जनपद पंचायत कटनी एवं रीठी, दूसरे दिन 21 जुलाई को बड़वारा एवं बहोरीबंद तथा तीसरे एवं अंतिम दिन 22 जुलाई को ढीमरखेड़ा एवं विजयराघवगढ़ की ग्राम पंचायतों को वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्वश्री युजवेंद्र कोरी, ब्रतेश जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्राम पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button