Blog

उज्ज्वला सखियों से महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई उड़ान, रोजगार, उद्यमिता और स्वच्छ ऊर्जा जागरूकता को मिलेगा बढ़ावा; जिला पंचायत में विशेष प्रशिक्षण आयोजित

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के संयुक्त समन्वय से शुक्रवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में उज्ज्वला सखी योजना को लेकर विशेष प्रशिक्षण एवं बैठक आयोजित की गई।

अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी के प्रयासों से आयोजित बैठक में जिले के NRLM स्टाफ एवं उद्यम सखियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा यानी LPG की पहुंच बढ़ाने, सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना रहा।

बैठक में महेंद्र एस. दलवी (टेरेटरी मैनेजर, भारत गैस भिटौनी, जबलपुर), रेनू वर्मा (जिला सेल्स अधिकारी), संजय जैन (भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर, स्लीमनाबाद), मनोज गर्ग (भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर, मुड़वारा) एवं अनुज वर्मा (भारत गैस डिस्ट्रीब्यूटर, बिलहरी) की विशेष मौजूदगी रही।

विषय विशेषज्ञों ने उज्ज्वला सखियों को योजना के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता की विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि उज्ज्वला सखियां पात्र परिवारों को LPG सेवाओं से जोड़ने, नए गैस कनेक्शन एवं रिफिल को बढ़ावा देने, गैस सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने तथा भारत गैस की विभिन्न सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्य के आधार पर मिलेगा इंसेंटिव

प्रशिक्षण के दौरान उज्ज्वला सखियों को उनके कार्य निष्पादन के आधार पर मिलने वाले प्रोत्साहन (इंसेंटिव) की जानकारी भी दी गई। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक हितग्राहियों तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उद्यम सखियों की योजना से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय सहभागिता के साथ योजना को सफल बनाने का संकल्प लिया।

यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार के नए अवसरों और स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button