जबलपुर- हनुमानताल थाना क्षेत्र के प्रेम सागर स्थित भोला नगर में शनिवार दोपहर टेंट हाउस संचालक की पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लगने से टेंट हाउस के कर्मचारी करण इबराडे (21) की मौत हो गई, जबकि अंकित रैकवार (22) घायल है। पुलिस ने पिस्टल रखने वाले टेंट हाउस संचालक प्रिंस सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, प्रिंस सोनकर के यहां करण और अंकित काम करते थे। शनिवार दोपहर दोनों प्रिंस के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान प्रिंस के पास मौजूद पिस्टल से अचानक फायर हो गया। गोली करण के पेट के पास और अंकित के पैर में लगी।
दोनों को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करण को मृत घोषित कर दिया। घायल अंकित का उपचार जारी है। करण के शव को मेडिकल अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है और रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
घायल अंकित के मुताबिक फायरिंग गलती से हुई थी। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोली वास्तव में दुर्घटनावश चली या किसी अन्य परिस्थिति में फायरिंग हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। संचालक प्रिंस से पूछताछ जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।