मध्यप्रदेश

कटनी में जर्जर चार मंजिला इमारत का हिस्सा भरभराकर गिरा, मलबे में दबे बुजुर्ग की मौत

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- रंगनाथ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा तारा मोटर्स बजाज एजेंसी के सामने स्थित अग्रवाल बिल्डिंग का जर्जर हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से भवन में रह रहे 70 वर्षीय प्रेमलाल गड़ारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर रंगनाथ थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।

मृतक प्रेमलाल गड़ारी पिता लूसन प्रसाद गड़ारी ग्राम पिलोजी, थाना कुठला के निवासी थे। वे अग्रवाल के यहां मैनेजर के रूप में कार्य करते थे और इसी भवन में रहते थे। बताया गया कि शनिवार दोपहर वे शौचालय की ओर जा रहे थे, तभी भवन का क्षतिग्रस्त हिस्सा अचानक गिर गया और वे मलबे में दब गए।

लंबे समय से जर्जर था भवन, फिर भी आवाजाही जारी

स्थानीय लोगों के अनुसार अग्रवाल बिल्डिंग लंबे समय से जर्जर हालत में थी। भवन के बारजे समेत अन्य हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी भी सामने आ रही है। बारिश के दौरान पुराने और कमजोर भवनों के गिरने का खतरा बढ़ने के बावजूद यहां लोगों की आवाजाही बनी रही।

स्थानीय स्तर पर यह जानकारी भी सामने आई है कि भवन में पहले भी हादसा हो चुका था। यदि पूर्व में घटना हुई थी तो सवाल यह है कि उसके बाद भवन की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग ने क्या कदम उठाए?

एक मौत ने खड़े किए कई सवाल

हादसे ने शहर में मौजूद जर्जर और खतरनाक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या नगर निगम के पास ऐसे भवनों का सर्वे और सुरक्षा संबंधी रिकॉर्ड है? क्या खतरनाक भवनों को नोटिस देकर खाली कराया जा रहा है? या फिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जर्जर भवनों को केवल चिन्हित करने तक कार्रवाई सीमित न रहे। भवन की स्थिति के अनुसार नोटिस, मरम्मत, खाली कराने अथवा नियमानुसार सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और की जान खतरे में न पड़े।

Related Articles

Back to top button