Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

महिला के आंसुओं को देखकर तहसीलदार पर भड़के रीवा कलेक्टर, बोले- ‘ज्यादा उड़ रहे हो तुम…अभी जमीन में उतार दूंगा’ शर्म करो, तुम्हारे नाम से लोग रो रहे हैं…

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

रीवा- जिले के अन्तर्गत महसांव में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जमीन से जुड़ी समस्या लेकर पहुंची एक महिला अपने दर्द को बयां करते हुए कलेक्टर के सामने रो पड़ी। महिला की शिकायत और उसके आंसुओं पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने तत्काल संबंधित तहसीलदार अरुण कुमार यादव को फोन लगाया। इसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच फोन पर तीखी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने तहसीलदार से सवाल किया कि आखिर महिला को उसकी जमीन संबंधी समस्या में न्याय क्यों नहीं मिल रहा है। तहसीलदार के जवाब से असंतुष्ट कलेक्टर ने कड़े तेवर में उन्हें फटकार लगाई। वायरल वीडियो में कलेक्टर को कथित तौर पर यह कहते सुना जा रहा है कि ‘ज्यादा उड़ रहे हो तुम… अभी जमीन में उतार दूंगा।’ उन्होंने यह भी कहा कि ‘शर्म करो, तुम्हारे नाम से लोग रो रहे हैं।’

वायरल वीडियो पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करने के लिए कलेक्टर के रुख का समर्थन कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने वरिष्ठ अधिकारी द्वारा अधीनस्थ से इस तरह बात किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो और घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी होने की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button