प्रशासनमध्यप्रदेश
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और गरिमा पर जोर, अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद से लेकर डिजिटल प्रशिक्षण तक होंगी गतिविधियां
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिले में विभिन्न कार्यक्रम एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप संचालक अनुराग मोदी ने बताया कि इस वर्ष की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था-वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” के अनुरूप जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और आवश्यक सहयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
सम्मान के साथ होगा संवाद
कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं अभिनंदन कर उनसे संवाद किया जाएगा। इस दौरान उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी लेने के साथ उनके अनुभव, ज्ञान एवं सामाजिक योगदान को सम्मानित किया जाएगा। मनोरंजन और सक्रिय सहभागिता के लिए कैरम, लूडो, शतरंज, गीत-संगीत सहित विभिन्न इनडोर गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
डिजिटल सेवाओं का दिया जाएगा प्रशिक्षण
वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के लिए उनकी आवश्यकता एवं रुचि के अनुसार मोबाइल फोन, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं और कंप्यूटर के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
समाज की अमूल्य धरोहर हैं वरिष्ठ नागरिक
विभाग ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव, ज्ञान और संस्कार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी गरिमा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखें तथा उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करें। आयोजित कार्यक्रमों के छायाचित्र, संक्षिप्त जानकारी एवं कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।





