Blogमध्यप्रदेश

एमपी बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी, पहले 12वीं फिर 10वीं की परीक्षाएं

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इस बार 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित होंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में होंगी।

12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से

हायर सेकंडरी की परीक्षा 17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज विषयों के साथ शुरू होगी। 18 फरवरी को उर्दू व मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत तथा 22 फरवरी को एनएसक्यूएफ, शारीरिक शिक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी। हिंदी का प्रश्नपत्र 23 फरवरी और अंग्रेजी का 26 फरवरी को होगा।

मार्च में 3 मार्च को समाजशास्त्र, 4 मार्च को भौतिक शास्त्र एवं अर्थशास्त्र, 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र, 13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास एवं व्यवसाय अध्ययन, 16 मार्च को गणित तथा 17 मार्च को कृषि, गृह विज्ञान एवं एकाउंटेंसी की परीक्षा होगी।

10वीं का पहला पेपर 24 फरवरी को

हाईस्कूल परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी। 25 फरवरी को एनएसक्यूएफ एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित और 9 मार्च को अंग्रेजी का प्रश्नपत्र होगा। गणित विषय में विद्यार्थियों को स्टैंडर्ड और बेसिक, दोनों विकल्प उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी।

परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना जरूरी

बोर्ड ने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा और 8:30 बजे तक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा। सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 8:45 बजे प्रश्नपत्र और 8:55 बजे उत्तर पुस्तिका वितरित की जाएगी। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होगी।

Related Articles

Back to top button