Blog

जबलपुर में पीएमश्री स्कूल में शिक्षक ने छात्रा को डस्टर फेंककर मारा, छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- गंगानगर स्थित पीएम श्री रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में सातवीं कक्षा की छात्रा के सिर में शिक्षक द्वारा डस्टर फेंककर मारने का मामला सामने आया है। डस्टर सिर पर लगने से छात्रा घायल हो गई। कक्षा में ही उसके सिर से खून निकलने लगा और वह अर्धबेहोशी की हालत में पहुंच गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एमआरआई कराने के बाद उपचार के लिए भर्ती कर लिया।

डस्टर लगने के बाद बिगड़ी हालत

एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार, घटना के दौरान शिक्षक आशीष जैन ने कथित तौर पर छात्रा की ओर डस्टर फेंका, जो उसके सिर में लगा। चोट लगने के बाद छात्रा के सिर से खून निकलने लगा। शिक्षक ने रुमाल लगाकर रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। छात्रा ने घर जाने की इच्छा जताई, लेकिन आरोप है कि उसे तत्काल कक्षा से बाहर नहीं जाने दिया गया।

हालत बिगड़ने पर परिजनों को दी सूचना

कुछ देर बाद छात्रा की तबीयत और बिगड़ने पर कक्षा की अन्य छात्राओं ने स्कूल के दूसरे शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे और घायल छात्रा को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को देखते हुए एमआरआई कराया और उपचार के लिए भर्ती कर लिया।

शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

परिजनों की शिकायत पर संजीवनीनगर थाना पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार शिक्षक द्वारा डस्टर फेंके जाने और छात्रा को लगी चोट से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button