मध्यप्रदेशराजनीति

क्षेत्रीय समस्याओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘काला दिवस’ मनाकर सौंपा ज्ञापन, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और शराबबंदी के मुद्दे उठाए; NSUI ने भी रखीं छात्र समस्याएं

जनलोक टाईम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

ढीमरखेड़ा- क्षेत्रीय जनसमस्याओं के निराकरण और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा एवं NSUI ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की गई।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज किया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों एवं संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए विरोध दर्ज कराया।

जर्जर सड़कों और बिजली बिलों का मुद्दा उठाया

ज्ञापन में घुघरा से कछारगांव मार्ग और ग्राम पंचायत बड़ी पौड़ी के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति का उल्लेख करते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की गई। बिजली उपभोक्ताओं को बिना मीटर रीडिंग के अधिक बिल दिए जाने की शिकायतों की जांच कर राहत देने की मांग भी उठाई गई।

इसके अलावा संगमा-लालपुर-दतला नदी पर पुल निर्माण, दूषित पेयजल की समस्या दूर करने और नाली में डाली गई पेयजल पाइपलाइन को दुरुस्त कराने की मांग की गई। खमरिया (खमतरा) में वर्ष 2016 में घोषित शासकीय हाईस्कूल का निर्माण शुरू कराने, क्षेत्र में अवैध शराब पैकरियों पर रोक लगाने तथा किसानों के लिए धान खरीदी का पंजीयन शीघ्र शुरू करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

NSUI ने उठाईं महाविद्यालय और छात्रों की समस्याएं

NSUI जिला महासचिव सागर शुक्ला के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधियों ने शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की समस्याओं को लेकर अलग से ज्ञापन सौंपा। इसमें महाविद्यालय में एमए एवं एमएससी की स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, एनसीसी विंग स्थापित करने, छात्र-छात्राओं को निजी बसों के किराए में रियायत देने तथा ढीमरखेड़ा में ही शासकीय आईटीआई भवन का निर्माण कराने की मांग की गई।

कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रीय समस्याओं और छात्र हितों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मिश्रा, रणजीत सिंह, मुकेश परोहा, अजय खटीक, सागर शुक्ला, ओमकार शर्मा, सुखचैन पटेल, मनोज चौरसिया, सत्तू सोनी, शिवा नामदेव, अजीत नामदेव, काशीराम बर्मन, रविंद्र परते सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button