प्रशासनमध्यप्रदेश
दीपावली से पहले सरकार के कई बड़े फैसले, किसानों, कर्मचारियों के साथ ही कई प्रस्तावों पर लगी मोहर…
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय में हुई मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की अहम बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक का सबसे बड़ा फैसला भोपाल-जबलपुर-इंदौर कॉरिडोर को औद्योगिक एवं आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का रहा। इसके लिए राज्य सरकार ने ₹100 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई है और उद्योग विभाग के माध्यम से एक नई कंपनी गठित की गई है। बैठक की शुरुआत वंदेमातरम गायन के साथ हुई। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया को दी।
महाकौशल को मिलेगा औद्योगिक विकास का नया अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर से भोपाल होते हुए इंदौर तक विकसित होने वाला यह कॉरिडोर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को नई गति देगा। इससे महाकौशल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। परियोजना के संचालन के लिए गठित कंपनी पूरी तरह राज्य शासन के स्वामित्व में रहेगी। इसकी गवर्निंग काउंसिल की अध्यक्षता मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे, ताकि निर्णय प्रक्रिया तेज हो और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जबलपुर, नरसिंहपुर से रायसेन तक का क्षेत्र पर्यटन, खनन, कृषि और भारी उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं रखता है। सड़क, बिजली, पानी और विमानन जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ लेकर यहां नए उद्योग स्थापित किए जा सकेंगे। परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास की व्यापक योजना के रूप में काम करेगी।
पहले चरण में 3,000 से 10,000 एकड़ भूमि का विकास
कॉरिडोर के प्रथम चरण में 3,000 से 10,000 एकड़ तक भूमि विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मार्च 2028 तक इस परियोजना के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की संभावना है। इससे लगभग एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और दो लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है।
उन्होंने आगामी तीन वर्षों में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और छह लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना भी जताई। सरकार का मानना है कि इस कॉरिडोर से औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
स्कूल परिवहन के लिए ₹241 करोड़ मंजूर
कैबिनेट ने विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग ₹241 करोड़ की योजना को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि परिवहन व्यवस्था के संचालन और रखरखाव में जिला स्तर पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए इसकी जिम्मेदारी कलेक्टरों को सौंपी जाएगी।





