Blogमध्यप्रदेश
विधायक संजय पाठक की कंपनी से डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी, सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल से फर्जी मैसेज भेजकर अकाउंटेंट से कराया रकम ट्रांसफर, 16 लाख रुपए होल्ड कराने में पुलिस को मिली सफलता
जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की एक कंपनी से करीब डेढ़ करोड़ रुपए की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर सीनियर अकाउंटेंट को तत्काल डेढ़ करोड़ रुपए एक अन्य खाते में ट्रांसफर करने का फर्जी निर्देश दिया। अकाउंटेंट ने इसे वरिष्ठ अधिकारी का आदेश समझकर राशि ट्रांसफर कर दी।
घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। उस समय विधायक संजय पाठक फ्लाइट में थे। करीब शाम 5 बजे जब मामले की जानकारी सामने आई कि सीनियर डायरेक्टर की ओर से ऐसा कोई मैसेज भेजा ही नहीं गया था, तब कंपनी प्रबंधन में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कटनी को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस की सक्रियता से ठगी की रकम में से करीब 16 लाख रुपए होल्ड कराने में सफलता मिली है। विधायक संजय पाठक ने बताया कि साइबर ठगों ने कोलकाता में राशि निकाली है।
साइबर सेल की मदद से जांच शुरू
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फर्जी मैसेज भेजने, रकम ट्रांसफर कराने और निकासी करने वाले आरोपियों की पहचान के साथ बैंक खातों एवं डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि विधायक संजय पाठक की कंपनी से डेढ़ करोड़ रुपए की साइबर ठगी के संबंध में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।




