ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सहयोग से ग्राम भूला में हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्रामीणों को किया गया जागरूक, आयोजित हुए देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम
कटनी- ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भूला के सहयोग से नवांकुर संस्था प्रयास सेवा संगठन इमलिया-05 धरवारा, विकासखंड ढीमरखेड़ा द्वारा बुधवार को ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक डॉ. श्री तेज सिंह केशवाल के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती बबीता शाह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
ग्रामीणों को घर-घर तिरंगा फहराने किया प्रेरित
अभियान के दौरान समिति के सदस्यों, बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ग्रामीणों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों से गांव का वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे।
बच्चों और ग्रामीणों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भूला की सरपंच शिवलता सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सहित समिति सदस्य साविता यादव, नीतू सिंह, भूरी, मुन्नी बाई, कार्तिक सिंह, रामा यादव, रंजीत, झलक परमार, सुभद्रा, देरूपा, राधा, महेंद्र सिंह, सरदार सिंह, विकास सिंह एवं राविन्द यादव सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हर घर तिरंगा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं ग्रामीणों ने ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। बच्चों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने अभियान को विशेष बना दिया।