सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी के पास मंगलवार को बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ा लिया। आरोपी को ओडिशा पुलिस गांजा तस्करी के एक मामले में रीवा कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। घटना के बाद रीवा, सीधी और शहडोल संभाग की पुलिस में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले ओडिशा पुलिस ने लगभग 10 टन गांजा तस्करी के मामले में रीवा से आदित्य मिश्रा को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को उसे पेशी के लिए रीवा लाया जा रहा था। इसी दौरान छुहिया घाटी के पास तीन वाहनों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर और तीखा स्प्रे डाल दिया। पुलिसकर्मी संभल पाते, इससे पहले आरोपी को छुड़ाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय सूत्रों ने मौके पर गोलीबारी की भी बात कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही रीवा आईजी, डीआईजी तथा सीधी और रीवा के एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रीवा, सीधी और शहडोल सहित आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। साइबर सेल और अन्य टीमें आरोपी तथा उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कई मामलों में दर्ज हैं प्रकरण:
हनुमना निवासी 35 वर्षीय आदित्य मिश्रा के खिलाफ रीवा के मनगवां, समान सहित अन्य थानों में गांजा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस हिरासत से इस तरह आरोपी को छुड़ाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।