Blogमध्यप्रदेशराजनीति

BJP एमपी के लिए 30 सितंबर खास, दिल्ली से हाईकमान का संदेश लेकर आ रहे नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्य प्रदेश भाजपा के लिए 30 सितंबर अहम दिन माना जा रहा है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब कुमार देब पहली बार भोपाल पहुंचेंगे। उनके साथ सह प्रभारी रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे।

भाजपा ने हाल ही में मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के प्रभारियों में संगठनात्मक बदलाव किए हैं। मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी अब बिप्लब देब को सौंपी गई है, जबकि रेखा वर्मा को सह प्रभारी बनाया गया है।

बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संवाद

30 सितंबर को देब बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद पार्टी की कोर ग्रुप बैठक प्रस्तावित है। एक अक्टूबर को प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक होगी।

पार्टी के भीतर इन बैठकों को नए संगठनात्मक दौर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, संगठन में आगे किन नेताओं या पदाधिकारियों की भूमिका बदलेगी, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है।

बयानों को लेकर भी नजरें

पार्टी के भीतर समय-समय पर सार्वजनिक बयानों को लेकर उठने वाले विवादों के बीच अब संगठनात्मक अनुशासन और सरकार-पार्टी के बीच बेहतर समन्वय पर भी नजर रहेगी। हालांकि, ऐसे नेताओं पर कार्रवाई या पद में बदलाव को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 30 सितंबर की बैठकों के बाद संगठन में कौन से बदलाव जमीन पर उतरते हैं, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button