भोपाल- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा 3 अक्टूबर 2026 को नवीन आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रस्तावित है। तैयारियों को लेकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पुलिस, एफएसएल, जेल, अभियोजन, स्वास्थ्य, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रदर्शनी में नागरिकों को अपराध की सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल की जांच, साक्ष्य संकलन, वैज्ञानिक विवेचना, एफआईआर, सीसीटीएनएस, मालखाना, अभियोजन और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी व्यवस्था सरल और रोचक तरीके से समझाई जाएगी। डायल-112, एफएसएल, साइबर अपराध, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और डिजिटल पुलिसिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को वीडियो, डिजिटल स्क्रीन, मॉडल एवं पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
पुलिस की उपलब्धियां भी दिखेंगी
प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान, साइबर क्विज, नक्सल उन्मूलन, ‘नशे से दूरी है जरूरी’ और ‘सेफ क्लिक’ सहित विभिन्न जनहितकारी अभियानों एवं नवाचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और जनजातीय विरासत, धार्मिक स्थल, वन एवं वन्यजीवन और पारंपरिक कला-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
अधिकारियों को अपने-अपने विभाग के स्टॉल को आकर्षक एवं प्रभावी बनाने, आवश्यक फोटो-वीडियो और सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रदर्शनी तैयार करने वाली एजेंसी से समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शनी करीब पांच दिनों तक चलेगी और इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।