कटनी/उमरियापान- कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कथित अवैध शराब की पैकारियों के खिलाफ लोगों का आक्रोश सामने आया है। उमरियापान में शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान को रिहायशी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। समाजसेवी चंद्रकांत चौरसिया के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री एवं जिला दंडाधिकारी के नाम नायब तहसीलदार ढीमरखेड़ा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में गांव-गांव संचालित होने वाली कथित अवैध शराब की पैकारियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रिहायशी क्षेत्र में शराब दुकान संचालित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उमरियापान की शासकीय शराब दुकान को आबादी से दूर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए और उमरियापान की शराब दुकान को रिहायशी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित किया जाए। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।