मध्यप्रदेश

हिरन नदी घाट-सिमरिया पुल के नीचे नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, चेहरा पहचानना मुश्किल, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

सिहोरा- सिमरिया घाट स्थित हिरन नदी में सोमवार सुबह एक युवक का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 10 बजे नदी पुल के नीचे शव दिखाई देने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।

पुलिस के अनुसार, शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। युवक ने काले रंग की शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी। शव की हालत काफी खराब थी। मछलियों द्वारा चेहरे को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण युवक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई कि पुलिस को मृतक के पेट के पास से एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही आसपास के थानों से हाल के दिनों में दर्ज युवकों की गुमशुदगी संबंधी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक नदी में दुर्घटनावश गिरा था या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button