कटनी/बरही- कटनी जिले के बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया एक नवजात बालक घर पहुंचने के कुछ समय बाद रोने लगा। बच्चे की आवाज सुनते ही परिवार में मची खुशियां लौट आईं। जिस घर में कुछ देर पहले तक मातम पसरा हुआ था, वहां अचानक जश्न जैसा माहौल बन गया। हालांकि, इस पूरे मामले ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और नवजात की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रात में प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार बरही क्षेत्र के ग्राम कुटेश्वर निवासी सुलोचना केवट, पति प्रदीप केवट को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार रात करीब 12:20 बजे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही लाया गया था। बताया जा रहा है कि महिला का प्रसव घर पर ही हो चुका था। इसके बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने जच्चा और नवजात का उपचार किया।
सुबह मृत घोषित कर परिजनों को सौंपा नवजात
परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे डॉक्टरों ने नवजात बालक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर अपने घर लौट गए। लेकिन घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। बच्चे को जीवित देखकर परिजन हैरान रह गए। परिवार की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। आशा कार्यकर्ता रामबाई केवट ने भी घटना की पुष्टि करते हुए नवजात के जीवित होने की जानकारी दी।
खबर फैलते ही घर पहुंचने लगे लोग
नवजात के जीवित होने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। बच्चे के पिता प्रदीप केवट और मां सुलोचना के परिजनों के साथ आसपास के लोग और पड़ोसी भी नवजात को देखने उनके घर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में घर पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अस्पताल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
यह मामला केवल एक परिवार की खुशी से जुड़ा नहीं है, बल्कि नवजात को मृत घोषित करने की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर किन परिस्थितियों में नवजात को मृत घोषित किया गया? क्या चिकित्सकों ने सभी आवश्यक जांच की थी? इस पूरे मामले की स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।