छठवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग; विधायक मुकेश टंडन भी प्रदर्शन में हुए शामिल
विदिशा- मध्यप्रदेश के विदिशा में छठवीं कक्षा की मासूम छात्रा से दुष्कर्म के गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी चांद उर्फ चंदू के मकान पर सोमवार को बुलडोजर चलाकर कथित अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया गया। शहर में बढ़ते जनआक्रोश और प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
मामले को लेकर सोमवार सुबह से ही शहर में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में लोग ईदगाह चौराहे पर एकत्रित हुए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी का एनकाउंटर करने और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। इस प्रदर्शन में विदिशा विधायक मुकेश टंडन भी शामिल हुए।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। विदिशा एसडीएम मनीष जैन ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर उनकी बातें सुनीं और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। खास बात यह रही कि आश्वासन मिलने के करीब दो घंटे के भीतर ही प्रशासन की टीम बुलडोजर लेकर आरोपी के मकान पर पहुंच गई और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मकान पर अवैध निर्माण का आरोप
प्रदर्शन के दौरान विधायक मुकेश टंडन ने आरोप लगाया कि आरोपी ने मकान का टैक्स जमा नहीं किया है और भवन में अवैध निर्माण भी किया गया है। उन्होंने आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में छठवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद शहर में आक्रोश फैल गया था। कई हिंदू संगठनों के लोग थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले में 65 वर्षीय चांद उर्फ चंदू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।