Blogप्रशासनमध्यप्रदेश

शहपुरा रेलवे फाटक पर एक घंटे जाम में फंसे भाजपा विधायक का फूटा गुस्सा; बोले- गैर-जिम्मेदारी की हद हो गई….

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

जबलपुर- मध्यप्रदेश में सड़क और ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार अब आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी परेशानी का सबब बनती जा रही है। जबलपुर जिले के शहपुरा में रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम में भोपाल जा रहे भाजपा विधायक अजय विश्नोई करीब एक घंटे तक फंसे रहे। काफी देर तक जाम में फंसे रहने के बाद विधायक की नाराजगी सामने आई। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण कार्यों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे ‘गैर-जिम्मेदारी की हद’ करार दिया।

दरअसल, शहपुरा रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। यहां ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा होने और यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं होने के कारण लोगों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। हालात ऐसे हैं कि रेलवे फाटक बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।

भोपाल जाते समय खुद करीब एक घंटे तक जाम में फंसने के बाद विधायक अजय विश्नोई ने इस समस्या को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनकी प्रतिक्रिया के बाद शहपुरा में अधूरे ओवरब्रिज के निर्माण और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

जनता कब तक झेलेगी परेशानी?

शहपुरा में रेलवे फाटक पर जाम की समस्या कोई नई नहीं है। स्थानीय लोगों को रोजाना इस परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब सवाल यह है कि जब जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या से जूझना पड़ रहा है, तो आम जनता को राहत कब मिलेगी? अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण कब पूरा होगा और जिम्मेदार विभाग यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कब ठोस कदम उठाएंगे?

Related Articles

Back to top button