मध्यप्रदेश

“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत स्लीमनाबाद एसडीपीओ ने थाना बाकल स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में आयोजित किया साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी/बाकल- “सेफ क्लिक 2.0” साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत एसडीपीओ स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी द्वारा थाना बाकल क्षेत्र स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसडीपीओ श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी ने उपस्थित क्षेत्रीय नागरिकों, बैंक ग्राहकों एवं कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिनसे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही, संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर विश्वास करने से बचें।

एसडीपीओ आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो उसे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित को राहत प्रदान की जा सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button