भोपाल- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। 23 सितंबर की सुबह करीब 11.30 बजे भोपाल के भदभदा स्थित रेडियो मुख्यालय में डायल-112 के हेल्पलाइन वाट्सएप नंबर पर एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को जान से खत्म करने की धमकी वाला मैसेज भेजा। मैसेज में मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें भी लिखी गई थीं। आरोपी ने बाद में मैसेज को दो बार एडिट किया और फिर डिलीट कर दिया, लेकिन डायल-112 के कर्मचारियों ने समय रहते उसका स्क्रीनशॉट ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेडियो मुख्यालय की ओर से भोपाल पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत क्राइम ब्रांच पहुंचने के बाद पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की, जिसमें उसकी लोकेशन मुंबई में सामने आई।
तकनीकी जांच के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम शुक्रवार को मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को भोपाल लेकर आ रही है। पुलिस अब धमकी भेजने के पीछे उसकी मंशा, मैसेज की पूरी सामग्री और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।