मध्यप्रदेशराजनीति

‘भ्रष्टाचार का रंग कुछ घंटों में ही उतर गया!’ सुगम बस सेवा को लेकर जीतू पटवारी का तंज

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्य प्रदेश में 21 साल बाद शुरू हुई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर टिप्पणी की “भ्रष्टाचार का रंग कुछ घंटों में ही उतर गया!” इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा से जुड़ा वीडियो/पोस्ट साझा किया।

पटवारी ने बसों की रंगाई-पुताई और उनके नए स्वरूप को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। इससे पहले भी उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि “नाम नहीं, काम बदलो।” मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पटवारी ने आरोप लगाया कि पुरानी बसों को डेंटिंग-पेंटिंग कर नई सेवा के नाम पर सड़क पर उतारा जा रहा है और सरकार को बसों की उम्र, फिटनेस तथा यात्रियों की सुरक्षा की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।

गौरतलब है कि 25 सितंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा तथा पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड में कुल 351 बसों का संचालन शुरू किया गया है। सरकार ने आने वाले वर्षों में बसों की संख्या बढ़ाने और 2031 तक करीब 15 हजार बसों का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य बताया है।

Related Articles

Back to top button