Blogमध्यप्रदेश

भोपाल में अखबार की आड़ में ब्लैकमेलिंग का भंडाफोड़, महाराष्ट्र पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को लिया हिरासत में

जनलोक टाईम्स से रामेश्वर प्रसाद त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रिहायशी इलाके हर्षवर्धन नगर में अखबार की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। महाराष्ट्र पुलिस ने एक दिन पहले भोपाल स्थित एक अखबार के कार्यालय पर छापामार कार्रवाई कर कथित वसूली के इस खेल का पर्दाफाश किया। मंगलवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान एक महिला सहित पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल से ‘दैनिक श्रेष्ठ’ नाम से अखबार का संचालन किया जा रहा था। आरोप है कि अखबार के कार्यालय की आड़ में कथित तौर पर फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। यहां से महाराष्ट्र के सरपंचों, विधायकों और पंचायत सचिवों को फोन कर विज्ञापन प्रकाशित कराने के नाम पर मोटी रकम देने का दबाव बनाया जाता था। जो लोग रकम देने से इनकार करते थे, उन्हें भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में आरोपित करते हुए अखबार में खबर प्रकाशित करने की धमकी दी जाती थी।

महाराष्ट्र के जनप्रतिनिधियों को बनाया जा रहा था निशाना

आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए महाराष्ट्र के जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर के अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा था। विज्ञापन के नाम पर रकम वसूलने और भुगतान नहीं करने पर नकारात्मक खबर प्रकाशित करने की धमकी देने की शिकायतें सामने आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस सक्रिय हुई।

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई, जब इसकी जानकारी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तक पहुंची। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने भोपाल के हर्षवर्धन नगर स्थित कार्यालय पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध दस्तावेज और रिकॉर्ड बरामद किए हैं।

महिला सहित पांच आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस की कार्रवाई में कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क की मास्टरमाइंड बताई जा रही एक महिला सहित चार अन्य युवतियों को हिरासत में लिया गया। मंगलवार को सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

करोड़ों की वसूली के नेटवर्क की जांच

पुलिस को आशंका है कि इस कथित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये की वसूली की गई है। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस भोपाल से महाराष्ट्र तक फैले इस नेटवर्क, बरामद दस्तावेजों और कथित आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों और वसूली की वास्तविक रकम का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button